logo
Blog single photo

पाकिस्तान ने पढ़े भारतीय लोकतंत्र के कसीदे

इस्‍लामाबाद। भारतीय लोकतंत्र की खूबी पर दुनिया के तमाम देश तारीफे करते रहते हैं इसी के चलते भारत डंका पूरी दुनिया में बजता है। लेकिन पाकिस्‍तानी संसद में भी भारतीय लोकतंत्र की तारीफ में कसीदे पढ़े जा रहे है। पड़ोसी देश की संसद में भारतीय चुनाव प्रणाली की तारीफ में कसीदे पढ़े गए। विपक्ष के नेता ने संसद में भाषण के दौरान अपने ही देश और नीति-निर्माताओं को आईना दिखाते हुए भारत से कुछ सीखने को कहा। अब उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। उन्‍होंने पाकिस्‍तान में हुए चुनाव को लेकर लगातार उठ रहे सवालों पर बोलते हुए कहा कि पड़ोसी देश (हिन्‍दुस्‍तान) में अभी चुनाव संपन्‍न हुए हैं। 800 मिलियन (80 करोड़) लोगों ने वोट डाले। उन्‍होंने कहा कि एक वोटर के लिए भी पोलिंग बूथ बनाया गया। एक महीने तक पूरी प्रक्रिया चली, लेकिन चुनाव में धांधली की बात कहीं से नहीं उठी। हमारे यहां चुनाव हुए तो अभी तक सवाल ही उठ रहे हैं। हम भी उनके जैसा (भारत) बनना चाहते हैं।

दरअसल, पाकिस्‍तान में विपक्ष के नेता शिबली फराज देश में लोकतंत्र और चुनाव प्रणाली पर जारी बहस में हिस्‍सा ले रहे थे। इस दौरान उन्‍होंने भारतीय चुनाव व्‍यवस्‍था की मुक्‍त कंठ से तारीफ की। उन्‍होंने कहा कि भारत में तकरीबन 800 मिलियन लोगों के लिए चुनाव कराया गया। देशभर में लाखों लोगों के लिए पोलिंग बूथ स्‍टेशन बनाए गए। उन्‍होंने आगे कहा कि एक मतदाता के लिए लिए भी पोलिंग स्‍टेशन की व्‍यवस्‍था की गई। तकरीबन 1 महीने तक मतदान की प्रक्रिया चली। इतने व्‍यापक पैमाने पर चुनाव कराया गया, लेकिन कहीं से भी किसी ने भी यह सवाल नहीं उठाया कि चुनाव में धांधली हुई है। फराज ने संसद के अध्‍यक्ष को संबोधित करते हुए कहा कि जनाब हम भी उसमें शामिल होना चाहते हैं।

पाकिस्‍तान चुनाव में धांधली
पाकिस्‍तान में फरवरी में चुनाव कराया गया था। चुनाव से पहले ही जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी को प्रतिबंधित कर दिया गया था। इस वजह से इमरान की पार्टी PTI सीधे तौर पर चुनाव नहीं लड़ सकी थी। इमरान की पार्टी के नेता निर्दलीय चुनाव लड़े और बड़ी तादाद में जीते भी। इमरान खान ने पूरी चुनाव प्रक्रिया को संदिग्‍ध बताते हुए वोटों की चोरी करने का आरोप लगाया। पाकिस्‍तान में अभी भी उस चुनाव में व्‍यापक पैमाने पर हुई धांधली को लेकर सवाल उठ रहे हैं।


समाचार सौजन्य: न्यूज18 इंडिया

Top